Hypothesis: Concept and Typesपरिकल्पना : अवधारणा एवं प्रकार |

परिचय
(Introduction)
अनुसंधान (Research) एक वैज्ञानिक प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से किसी समस्या के कारण, स्वरूप एवं समाधान का अध्ययन किया जाता है। इस प्रक्रिया में परिकल्पना (Hypothesis) का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। परिकल्पना शोधकर्ता को यह संकेत देती है कि अध्ययन किस दिशा में आगे बढ़ेगा तथा किन तथ्यों का परीक्षण किया जाएगा।
परिकल्पना किसी समस्या का अंतिम उत्तर नहीं होती, बल्कि एक संभावित उत्तर (Tentative Answer) होती है, जिसकी सत्यता का परीक्षण तथ्यों एवं आँकड़ों के आधार पर किया जाता है। यदि परीक्षण में यह सही सिद्ध होती है, तो आगे चलकर सिद्धांत (Theory) का आधार बन सकती है।
परिकल्पना का अर्थ (Meaning of Hypothesis):-
Hypothesis शब्द ग्रीक भाषा के दो शब्दों से मिलकर बना है-
पहला Hypo = नीचे / प्रारंभिक और
दूसरा Thesis = विचार / कथन
अर्थात Hypothesis का शाब्दिक अर्थ है- “एक प्रारंभिक अथवा अस्थायी कथन जिसकी सत्यता का परीक्षण किया जाना शेष हो।”
हिंदी में परिकल्पना शब्द “परि + कल्पना” से बना है।
परि = चारों ओर और
कल्पना = विचार करना
अर्थात किसी समस्या के सभी संभावित कारणों एवं समाधानों पर विचार करना ही परिकल्पना कहलाता है।
परिकल्पना की प्रमुख परिभाषाएँ
(1) Kerlinger- “परिकल्पना दो या दो से अधिक चरों के बीच संबंध का कथन है।”
(2) George G. Mouly- “परिकल्पना एक तार्किक कथन है जिसकी सत्यता का परीक्षण अनुभव एवं प्रमाणों के आधार पर किया जाता है।”
(3) Good and Hatt- “परिकल्पना भविष्य की ओर संकेत करने वाला तार्किक कथन है जिसकी वैधता की जाँच की जा सकती है।”
भूगोल में परिकल्पना का महत्व:
भूगोल में परिकल्पना का उपयोग विभिन्न भौतिक एवं मानव भूगोल संबंधी समस्याओं के अध्ययन में किया जाता है।
उदाहरण-
✍️ जहाँ वर्षा अधिक होती है वहाँ कृषि उत्पादन भी अधिक होता है।
✍️ सड़क परिवहन के विकास से नगरीकरण में वृद्धि होती है।
✍️ शिक्षा का स्तर बढ़ने से जनसंख्या वृद्धि दर कम होती है।
✍️ औद्योगीकरण और नगरीकरण में सकारात्मक संबंध पाया जाता है।
✍️ नदी के निकट बसे गाँवों में सिंचाई सुविधा अधिक होती है।
अनुसंधान में परिकल्पना का स्थान:

परिकल्पना क्यों आवश्यक है?
परिकल्पना-
✍️ अनुसंधान को दिशा देती है।
✍️ समय एवं धन की बचत करती है।
✍️ अनावश्यक तथ्यों के संग्रह से बचाती है।
✍️ अध्ययन को वैज्ञानिक बनाती है।
✍️ निष्कर्ष निकालना आसान बनाती है।
✍️ सांख्यिकीय परीक्षण का आधार प्रदान करती है।
✍️ नए सिद्धांतों के विकास में सहायता करती है।
परिकल्पना की विशेषताएँ (Characteristics of a Good Hypothesis)
परिकल्पना तभी उपयोगी मानी जाती है जब वह वैज्ञानिक, स्पष्ट, परीक्षण योग्य तथा अनुसंधान समस्या से संबंधित हो। एक अच्छी परिकल्पना अनुसंधान को सही दिशा देती है तथा निष्कर्षों की विश्वसनीयता बढ़ाती है। एक अच्छी परिकल्पना की विशेषताएँ निम्नलिखित होती है-
(1) परीक्षण योग्य (Testable):-
परिकल्पना ऐसी होनी चाहिए जिसकी सत्यता का परीक्षण आँकड़ों, अवलोकन या प्रयोग द्वारा किया जा सके।
उदाहरण:
“बिहार के शहरी क्षेत्रों में साक्षरता दर ग्रामीण क्षेत्रों से अधिक है।”
(2) स्पष्ट एवं सरल (Clear and Simple):-
भाषा सरल, स्पष्ट और भ्रमरहित होनी चाहिए ताकि प्रत्येक व्यक्ति उसका एक ही अर्थ समझ सके।
(3) तार्किक (Logical):-
परिकल्पना तर्क, वैज्ञानिक सोच तथा पूर्व ज्ञान पर आधारित होनी चाहिए। बिना आधार के बनाया गया कथन परिकल्पना नहीं माना जाता।
(4) तथ्य एवं सिद्धांत पर आधारित (Based on Facts and Theory):-
एक अच्छी परिकल्पना का संबंध किसी स्थापित सिद्धांत, पूर्व शोध या उपलब्ध तथ्यों से होना चाहिए।
(5) अनुसंधान समस्या से संबंधित (Relevant):-
परिकल्पना का सीधा संबंध शोध समस्या से होना चाहिए। यदि उसका संबंध विषय से नहीं है तो अनुसंधान भटक सकता है।
(6) सीमित एवं विशिष्ट (Specific):-
बहुत व्यापक परिकल्पना का परीक्षण कठिन होता है। इसलिए परिकल्पना सीमित एवं स्पष्ट होनी चाहिए।
उदाहरण (विशिष्ट)- “पटना जिले में महिला साक्षरता बढ़ने से प्रजनन दर में कमी आती है।”
(7) वस्तुनिष्ठ (Objective):-
परिकल्पना व्यक्तिगत विश्वास या पक्षपात पर आधारित नहीं होनी चाहिए।
(8) मापनीय (Measurable):-
जिसके चरों (Variables) को संख्यात्मक या गुणात्मक रूप से मापा जा सके।
(9) सामान्यीकरण योग्य (Generalisable):-
यदि अध्ययन के परिणाम अन्य समान परिस्थितियों में भी लागू हो सकें तो परिकल्पना अधिक उपयोगी मानी जाती है।
(10) व्यावहारिक (Practical):-
परिकल्पना का परीक्षण उपलब्ध समय, संसाधनों एवं अध्ययन क्षेत्र में संभव होना चाहिए।
भूगोल में उदाहरण
उदाहरण-1 (जलवायु)
परिकल्पना:
“जहाँ वार्षिक वर्षा अधिक होती है, वहाँ धान का उत्पादन अधिक होता है।”
स्वतंत्र चर (Independent Variable): वर्षा
आश्रित चर (Dependent Variable): धान उत्पादन
उदाहरण-2 (जनसंख्या)
परिकल्पना:
“शिक्षा का स्तर बढ़ने से जनसंख्या वृद्धि दर कम होती है।”
उदाहरण-3 (नगरीकरण)
परिकल्पना:
“औद्योगिक विकास नगरीकरण की गति को बढ़ाता है।”
Note:- Good Hypothesis = SMART
S – Specific (विशिष्ट)
M – Measurable (मापनीय)
A – Achievable (व्यावहारिक)
R – Relevant (संबंधित)
T – Testable (परीक्षण योग्य)
परिकल्पना के प्रकार
(Types of Hypothesis)
परिकल्पना का वर्गीकरण विभिन्न आधारों पर किया जाता है-
A. चरों (Variables) की संख्या के आधार पर
B. चरों के संबंध के आधार पर
C. विशिष्ट उद्देश्य के आधार पर

A. चरों की संख्या के आधार पर
(1) सरल परिकल्पना (Simple Hypothesis):-
यह केवल दो चरों (Variables) के बीच संबंध व्यक्त करती है।
विशेषताएँ
✍️ केवल एक स्वतंत्र (Independent) तथा एक आश्रित (Dependent) चर।
✍️ परीक्षण करना आसान।
✍️ छोटे शोधों में अधिक उपयोगी।
उदाहरण-
“वर्षा बढ़ने से धान का उत्पादन बढ़ता है।”
Independent Variable → वर्षा
Dependent Variable → धान उत्पादन
यह दो चरों के बीच संबंध बताती है, इसलिए इसे सरल परिकल्पना कहा जाता है।
(2) जटिल परिकल्पना (Complex Hypothesis):-
इसमें दो से अधिक चरों के बीच संबंध व्यक्त किया जाता है।
विशेषताएँ-
✍️ अनेक Variables
✍️ सांख्यिकीय विश्लेषण अपेक्षाकृत कठिन
✍️ बड़े शोध कार्यों में उपयोग
उदाहरण-
“शिक्षा, आय तथा स्वास्थ्य सुविधाएँ मिलकर जीवन स्तर को प्रभावित करती हैं।”
इसमें तीन स्वतंत्र चर हैं- शिक्षा, आय, स्वास्थ्य सुविधा
आश्रित चर- जीवन स्तर
अतः यह जटिल परिकल्पना है।
B. चरों के संबंध के आधार पर
(1) सार्वभौमिक परिकल्पना (Universal Hypothesis):-
यह ऐसी परिकल्पना होती है जो अधिकांश स्थानों एवं परिस्थितियों में लागू होती है।
उदाहरण
“शिक्षा का स्तर बढ़ने से साक्षरता बढ़ती है।”
या
“पुरस्कार मिलने से सीखने की गति बढ़ती है।”
यह सामान्य रूप से अधिकांश परिस्थितियों में सत्य मानी जाती है।
(2) अस्तित्वात्मक परिकल्पना (Existential Hypothesis):-
यह किसी विशेष व्यक्ति, समूह, स्थान या परिस्थिति के लिए सत्य होती है।
उदाहरण-
“नवादा जिले के कुछ गाँवों में भूजल स्तर लगातार घट रहा है।”
यह सभी स्थानों के लिए नहीं, बल्कि एक विशेष क्षेत्र के लिए है। इसलिए इसे अस्तित्वात्मक परिकल्पना कहा जाएगा।
C. उद्देश्य के आधार पर
(1) शोध परिकल्पना (Research Hypothesis / H₁):-
✍️ इसे कार्यशील (Working) या वैकल्पिक परिकल्पना भी कहा जाता है।
✍️ इसमें शोधकर्ता मानता है कि दोनों चरों के बीच संबंध मौजूद है।
उदाहरण-
“बिहार के जिन जिलों में नगरीकरण अधिक है, वहाँ साक्षरता दर भी अधिक है।”
इसे प्रतीक द्वारा लिखा जाता है- H₁
(2) शून्य परिकल्पना (Null Hypothesis / H₀)
✍️ यह शोध परिकल्पना के विपरीत होती है।
✍️ इसमें माना जाता है कि दोनों चरों के बीच कोई महत्वपूर्ण अंतर या संबंध नहीं है।
उदाहरण-
“बिहार के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की साक्षरता दर में कोई महत्वपूर्ण अंतर नहीं है।”
प्रतीक- H₀
(3) सांख्यिकीय परिकल्पना (Statistical Hypothesis):-
जब H₀ तथा H₁ को सांख्यिकीय प्रतीकों में व्यक्त किया जाता है तब उसे सांख्यिकीय परिकल्पना कहते हैं।
उदाहरण-
यदि
μ₁ = पुरुषों का औसत
μ₂ = महिलाओं का औसत
तो
H₀ : μ₁ = μ₂
H₁ : μ₁ ≠ μ₂
परिकल्पना के स्रोत
(Sources of Hypothesis)
अच्छी परिकल्पना स्वतः नहीं बनती, बल्कि यह अध्ययन, अनुभव, वैज्ञानिक ज्ञान तथा गहन चिंतन का परिणाम होती है। शोधकर्ता विभिन्न स्रोतों से जानकारी प्राप्त करके एक उपयुक्त परिकल्पना का निर्माण करता है।
परिकल्पना के प्रमुख स्रोत
(1) संबंधित साहित्य का अध्ययन (Review of Literature):-
किसी भी शोध की शुरुआत संबंधित पुस्तकों, शोध-पत्रों, जर्नलों, सरकारी रिपोर्टों तथा पूर्व अध्ययनों के अध्ययन से होती है। इससे शोधकर्ता को यह पता चलता है कि विषय पर पहले क्या कार्य हो चुका है तथा किन क्षेत्रों में अभी शोध की आवश्यकता है। इसी आधार पर नई परिकल्पना तैयार की जाती है।
भूगोल उदाहरण-
यदि आप “नवादा जिले में पान की खेती” पर शोध कर रहे हैं, तो पहले कृषि विभाग, Census, शोध-पत्र तथा पूर्व शोध का अध्ययन करेंगे। इन्हीं से नई परिकल्पना विकसित होगी।
(2) विज्ञान एवं सिद्धांत (Science and Theory):-
वैज्ञानिक सिद्धांत नई परिकल्पनाओं के निर्माण का आधार बनते हैं। शोधकर्ता किसी स्थापित सिद्धांत की जाँच, पुष्टि या नए क्षेत्र में उसके प्रयोग हेतु परिकल्पना बनाता है।
उदाहरण- Central Place Theory, Von Thünen Theory, Demographic Transition Theory
(3) संस्कृति (Culture):-
प्रत्येक समाज की संस्कृति, परंपराएँ, जीवनशैली तथा सामाजिक मूल्य अलग-अलग होते हैं। यही भिन्नताएँ अनेक शोध समस्याओं तथा परिकल्पनाओं को जन्म देती हैं।
उदाहरण-
“जनजातीय क्षेत्रों की सांस्कृतिक परंपराएँ भूमि उपयोग को प्रभावित करती हैं।”
(4) व्यक्तिगत अनुभव (Personal Experience):-
शोधकर्ता का अपना अनुभव भी परिकल्पना निर्माण का महत्वपूर्ण स्रोत होता है। क्षेत्रीय अनुभव जितना अधिक होगा, उतनी ही अच्छी परिकल्पना बनाई जा सकती है।
उदाहरण-
यदि किसी शोधकर्ता ने लंबे समय तक कोसी क्षेत्र में कार्य किया है, तो वह बाढ़ और कृषि के संबंध में नई परिकल्पना विकसित कर सकता है।
(5) रचनात्मक चिंतन (Creative Thinking):-
रचनात्मक चिंतन परिकल्पना निर्माण का महत्वपूर्ण स्रोत है। मुनरो (Munro) के अनुसार इसकी प्रक्रिया चार चरणों तैयारी (Preparation), विकास (Development), प्रेरणा (Inspiration) तथा परीक्षण (Verification) से होकर गुजरती है। इन्हीं चरणों के माध्यम से उपयुक्त एवं परीक्षण योग्य परिकल्पना का विकास होता है।
(6) विशेषज्ञों से चर्चा (Discussion with Experts):-
विषय विशेषज्ञ, मार्गदर्शक तथा अनुभवी शोधकर्ताओं से चर्चा करने पर शोध समस्या स्पष्ट होती है और उपयुक्त परिकल्पना बनाने में सहायता मिलती है।
उदाहरण-
भूगोल विभाग के प्रोफेसरों से चर्चा करके “बिहार में शहरी विस्तार” पर नई परिकल्पना विकसित की जा सकती है।
(7) पूर्व अनुसंधान (Previous Research):-
पूर्व शोध कार्यों का अध्ययन यह बताता है कि किन परिकल्पनाओं का परीक्षण पहले किया जा चुका है और किन नए क्षेत्रों में कार्य किया जा सकता है।
उदाहरण-
यदि पहले गया जिले में भूजल स्तर पर अध्ययन हुआ है, तो उसी आधार पर नवादा जिले में नई परिकल्पना बनाई जा सकती है।
परिकल्पना के कार्य एवं महत्व
(Functions and Importance of Hypothesis)
परिकल्पना केवल एक अनुमान नहीं है, बल्कि यह अनुसंधान की पूरी प्रक्रिया का मार्गदर्शन करती है। यह शोधकर्ता को बताती है कि क्या अध्ययन करना है, कौन-से तथ्य एकत्र करने हैं और किस प्रकार निष्कर्ष तक पहुँचना है। इसी कारण परिकल्पना को वैज्ञानिक अनुसंधान की “आधारशिला (Foundation of Research)” कहा जाता है।
परिकल्पना के प्रमुख कार्य
(1) अनुसंधान को दिशा प्रदान करना (Provides Direction):-
परिकल्पना शोधकर्ता को स्पष्ट दिशा देती है कि अध्ययन किस उद्देश्य से और किस दिशा में किया जाएगा। इससे शोध अनिश्चित नहीं रहता।
उदाहरण
यदि परिकल्पना है-
“नगरीकरण से रोजगार के अवसर बढ़ते हैं।”
तो शोधकर्ता उसी संबंध में आँकड़े एकत्र करेगा।
(2) महत्वपूर्ण तथ्यों का चयन (Selection of Relevant Facts):-
अनुसंधान में सभी तथ्यों का अध्ययन संभव नहीं होता। परिकल्पना केवल आवश्यक एवं प्रासंगिक तथ्यों के चयन में सहायता करती है। इससे समय और श्रम दोनों की बचत होती है।
उदाहरण-
यदि अध्ययन “बिहार में बाढ़ का कृषि पर प्रभाव” है, तो वर्षा, नदी, फसल और उत्पादन से संबंधित आँकड़े लिए जाएँगे, जबकि असंबंधित आँकड़ों को शामिल नहीं किया जाएगा।
(3) पुनरावृत्ति (Replication) को संभव बनाना:-
यदि किसी शोध की परिकल्पना स्पष्ट है, तो दूसरा शोधकर्ता भी उसी विषय पर पुनः अध्ययन कर सकता है और परिणामों की तुलना कर सकता है। इससे शोध की विश्वसनीयता बढ़ती है।
(4) निष्कर्ष निकालने में सहायता (Helps in Drawing Conclusions):-
परिकल्पना के परीक्षण के बाद शोधकर्ता यह निर्णय लेता है कि परिकल्पना स्वीकार (Accepted) होगी या अस्वीकार (Rejected)। यही प्रक्रिया वैज्ञानिक निष्कर्ष तक पहुँचाती है।
(5) नए सिद्धांतों के निर्माण में सहायता:-
जब किसी परिकल्पना की सत्यता बार-बार विभिन्न अध्ययनों में सिद्ध हो जाती है, तो वह आगे चलकर एक वैज्ञानिक सिद्धांत का रूप ले सकती है।
परिकल्पना का महत्व (Importance of Hypothesis)
(1) अनुसंधान को वैज्ञानिक बनाती है।
(2) अध्ययन की सीमा निर्धारित करती है।
(3) समय, धन एवं श्रम की बचत करती है।
(4) डेटा संग्रह को व्यवस्थित बनाती है।
(5) सांख्यिकीय परीक्षण का आधार प्रदान करती है।
(6) वस्तुनिष्ठ (Objective) अनुसंधान को बढ़ावा देती है।
(7) शोध समस्या को स्पष्ट करती है।
(8) भविष्य के अनुसंधानों का आधार बनती है।
निष्कर्ष:
परिकल्पना वैज्ञानिक अनुसंधान की आधारशिला है। यह शोध को दिशा प्रदान करती है, तथ्य-संग्रह को व्यवस्थित बनाती है तथा निष्कर्षों को वैज्ञानिक आधार देती है। एक अच्छी परिकल्पना स्पष्ट, तार्किक, परीक्षण योग्य तथा तथ्यों पर आधारित होती है। इसके माध्यम से शोधकर्ता न केवल किसी समस्या का समाधान खोजता है, बल्कि नए सिद्धांतों के विकास में भी योगदान देता है।
Leave a Reply